कोरिया में स्वास्थ्य व्यवस्था की नई उड़ान, नर्सिंग कॉलेज और अटल आरोग्य लैब का शुभारंभ

 कोरिया में स्वास्थ्य व्यवस्था की नई उड़ान, नर्सिंग कॉलेज और अटल आरोग्य लैब का शुभारंभ

कोरिया जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 30 मई 2026 का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। जिला अस्पताल बैकुंठपुर परिसर में प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने नवीन शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय का भूमिपूजन किया तथा अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित अटल आरोग्य लैब और नव निर्मित दवा वितरण कक्ष का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कोरिया जिले को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की बात कही। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि लगभग 8 करोड़ 23 लाख रुपये की लागत से बनने वाला नर्सिंग कॉलेज क्षेत्र के युवाओं के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। अब विद्यार्थियों को नर्सिंग शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूसरे जिलों और राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे स्थानीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे। उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन जिला अस्पताल भवन के अधूरे कार्यो को पूरा करने के लिए राज्य सरकार द्वारा 23 करोड़ 59 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की गई है। मंत्री ने अटल आरोग्य लैब को जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में क्रांतिकारी कदम बताते हुए कहा कि यहां एक बार में लगभग 110 नमूनों की जांच की जा सकेगी तथा 136 प्रकार की विभिन्न जांचें पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध होंगी। इससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों को निजी लैबों के महंगे खर्च से राहत मिलेगी और जिला अस्पताल में ही बेहतर जांच सुविधाएं प्राप्त होंगी कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री ने घोषणा की कि 31 मई 2027 को नए जिला अस्पताल भवन का लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य कोरिया जिले को स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में मॉडल जिला बनाना है। 

उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर भी जोर दिया तथा कहा कि भविष्य में मरीजों को और अधिक त्वरित एवं प्रभावी उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग में पारदर्शिता बनाए रखने की बात कहते हुए भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वहीं बैकुंठपुर विधायक भईया लाल राजवाड़े ने जिले में डेंटल कॉलेज की स्थापना की मांग रखी। कार्यक्रम में जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं शहरवासियों की मौजूदगी रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post