कंचनपुर जिला अस्पताल और नर्सिंग कॉलेज का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण, निर्माण में तेजी और गुणवत्ता बनाए रखने के दिए निर्देश

बैकुंठपुर। जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आम नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने बुधवार को निर्माणाधीन जिला अस्पताल कंचनपुर और नवीन बीएससी नर्सिंग महाविद्यालय के लिए चयनित भवन का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से जानकारी ली। कलेक्टर ने सीजीएमएससी के इंजीनियर और ठेकेदार को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री, कार्य की गुणवत्ता और निर्माण के विभिन्न चरणों की बारीकी से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने और तकनीकी मानकों के साथ निर्धारित गुणवत्ता का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिला अस्पताल और बीएससी नर्सिंग महाविद्यालय जिले के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक अधोसंरचनाएं हैं। इनके निर्माण में लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने निर्माण एजेंसी को आवश्यक संसाधन और श्रमिक बढ़ाकर कार्य में अपेक्षित गति लाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान सामने आने वाली तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं का तत्काल निराकरण कर काम को निर्बाध रूप से आगे बढ़ाने को कहा। 


कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्माण कार्य की प्रगति की लगातार समीक्षा और निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोनों संस्थानों के निर्माण पूर्ण होने से जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा और नर्सिंग शिक्षा के लिए बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध होगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आयुष जायसवाल, बीएससी नर्सिंग महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्या श्रीमती नीरजा, सीजीएमएससी के इंजीनियर, ठेकेदार सहित स्वास्थ्य विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





Post a Comment

Previous Post Next Post